Talking India@दुर्ग। भिलाई-3 के पीपी यार्ड से वेल्डिंग मशीन चोरी करने वाले आरोपी को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने मालगाड़ी के वैगन में चढ़कर वारदात को अंजाम दिया था। आरपीएफ ने उसकी निशानदेही पर चोरी की मशीन बरामद कर ली है। इसके बाद उसके खिलाफ रेलवे संपत्ति अवैध कब्जा अधिनियम की धारा 3 के तहत अपराध दर्ज किया गया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर रायपुर जेल भेज दिया गया।
आरपीएफ टीआई मनीष कुमार ने बताया कि 9 और 10 नवंबर को भिलाई-3 पीपी यार्ड से मशीन चोरी की शिकायत मिली थी। इसके बाद अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। टीम ने यार्ड के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध दिखा, लेकिन उसकी पहचान साफ नहीं हो पा रही थी। इसलिए आरपीएफ ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। साथ ही चरोदा से पावर हाउस तक कबाड़ियों और वेल्डिंग का काम करने वालों को चोरी की मशीन की जानकारी दी गई।
वेल्डिंग मशीन चोरी का आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि इसी बीच आरोपी ने मशीन बेचने के लिए एक ठेकेदार से संपर्क किया। सूचना मिलते ही आरपीएफ टीम ने तत्काल दबिश दी। टीम ने पुरैना स्टोरपारा के रहने वाले के. महेश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर एक खंडहर से चोरी की गई मशीन बरामद हुई।
वैगन का डाला खोलकर किया लोड, गाड़ी खड़ी होने पर उतरी मशीन
आरपीएफ के मुताबिक आरोपी के. महेश मारपीट के मामले में 29 सितंबर से दुर्ग सेंट्रल जेल में बंद था। 2 नवंबर को जेल से छूटने के बाद उसने नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार वह गांजा और शराब का आदी है। उसने पहले पीपी यार्ड की रेकी की। फिर वहां रखी करीब 400 वेल्डिंग मशीनों के बीच से एक मशीन चुराने का मौका तलाशा।
वारदात के दौरान उसने मशीन को डाला में रखा और खुद मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ गया। मालगाड़ी टी-कैबिन के पास रुकी तो वह नीचे उतरा। इसके बाद उसने डाला खोलकर मशीन बाहर निकाल ली और पास के एक खंडहर में छिपा दी। हालांकि वह मशीन बेचने की फिराक में था, लेकिन आरपीएफ की सतर्कता से पकड़ा गया। वेल्डिंग मशीन चोरी का यह मामला रेलवे सुरक्षा बल की सक्रियता से सुलझ गया।
Read More CG News: Talking India पर छत्तीसगढ़ की अन्य ताजा और बड़ी खबरें पढ़ें