Talking India@भिलाई। खेल मैदान में अभ्यास करने पहुंचे खिलाड़ियों को उस समय बड़ा झटका लगा, जब उनकी स्कूटी की डिक्की से एक साथ 13 मोबाइल फोन गायब मिले। घटना भिलाई निवास के सामने स्थित साइकिल पोलो ग्राउंड की है। खिलाड़ी अभ्यास में व्यस्त थे और उनके मोबाइल एक ही स्कूटी में रखे हुए थे। अभ्यास खत्म होने पर डिक्की खोली गई तो मोबाइल गायब थे। इसके बाद खिलाड़ियों में हड़कंप मच गया। मामले की लिखित शिकायत भिलाई नगर थाना में दर्ज कराई गई है।
जयंती स्टेडियम बंद, भिलाई निवास ग्राउंड में कर रहे थे अभ्यास
जानकारी के अनुसार, जयंती स्टेडियम बंद होने के कारण खिलाड़ी इन दिनों भिलाई निवास ग्राउंड में अभ्यास कर रहे हैं। रोजाना की तरह खिलाड़ी मैदान पहुंचे थे। सुरक्षा के लिहाज से सभी ने अपने मोबाइल एक स्कूटी की डिक्की में रख दिए। इसके बाद वे अभ्यास में जुट गए। हालांकि, किसी को अंदाजा नहीं था कि इसी दौरान उनके मोबाइल चोरी हो जाएंगे। अभ्यास पूरा होने के बाद जब खिलाड़ी स्कूटी के पास पहुंचे और डिक्की खोली तो सभी मोबाइल गायब मिले। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मोबाइल में थे एडमिट कार्ड और जरूरी दस्तावेज
चोरी हुए सभी मोबाइल एंड्रॉयड और बजट श्रेणी के बताए जा रहे हैं। खिलाड़ियों के लिए यह नुकसान केवल मोबाइल तक सीमित नहीं है। उनके फोन में संपर्क नंबरों के अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं के एडमिट कार्ड, जरूरी दस्तावेज और पढ़ाई से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी थीं। कुछ खिलाड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। वहीं, अन्य आगामी एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के लिए नियमित अभ्यास कर रहे हैं। ऐसे में मोबाइल चोरी होने से उनकी पढ़ाई और खेल गतिविधियां भी प्रभावित हो सकती हैं।
निशुल्क प्रशिक्षण देने वाले कोच भी हुए परेशान
खिलाड़ियों के साथ सेवानिवृत्त भिलाई विद्यालय सेक्टर-2 के शिक्षक आर. सुनील कुमार भी मौजूद थे। वे बच्चों को निशुल्क एथलेटिक्स प्रशिक्षण देते हैं। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी सामान्य और निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं। ऐसे में एक साथ 13 मोबाइल चोरी होना उनके लिए बड़ी आर्थिक परेशानी है।
पुलिस और क्राइम ब्रांच से मोबाइल बरामदगी की मांग
घटना के बाद खिलाड़ियों का समूह भिलाई नगर थाना पहुंचा और लिखित शिकायत सौंपी। खिलाड़ियों और कोच ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है। साथ ही क्राइम ब्रांच से भी हस्तक्षेप कर चोरी हुए मोबाइल जल्द बरामद कराने की अपील की है। अब खिलाड़ियों को पुलिस कार्रवाई और मोबाइल की बरामदगी का इंतजार है।