ChatGPT से बनाई अश्लील तस्वीरें, फर्जी Instagram ID से किया वायरल; राजनांदगांव में आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव साइबर सेल द्वारा फर्जी इंस्टाग्राम आईडी और अश्लील फोटो वायरल मामले की जांच
फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट से अश्लील तस्वीरें वायरल करने के मामले में पुलिस की कार्रवाई।

Talking India@राजनांदगांव। सोशल मीडिया पर किसी की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उसे बदनाम करने का मामला सामने आया है। राजनांदगांव में एक युवक ने विधि से संघर्षरत बालक के साथ मिलकर युवती की तस्वीरों और वीडियो को एडिट किया। इसके बाद फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर अश्लील सामग्री वायरल कर दी। पुलिस जांच में इस पूरे मामले में ChatGPT के इस्तेमाल की बात सामने आई है। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

फर्जी Instagram ID बनाकर की गई थी हरकत

पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को पीड़िता ने चौकी चिखली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई है। इस अकाउंट से उसकी अश्लील तस्वीरें स्टोरी पर अपलोड की जा रही थीं। इतना ही नहीं, आरोपी ने ये तस्वीरें उसके दोस्तों को भी भेजी थीं। शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी लगातार अकाउंट का यूजरनेम बदल रहा था।

ChatGPT की मदद से एडिट किए फोटो-वीडियो

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने धारा 79 बीएनएस और आईटी एक्ट की धारा 67 एवं 67(ए) के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की गई। जांच में पूनम चंद वर्मा और एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बालक के मोबाइल फोन में ChatGPT की मदद से पीड़िता की तस्वीरों और वीडियो को एडिट किया था। इसके बाद फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट तैयार किया गया। इसी अकाउंट से अश्लील सामग्री लोगों को भेजी गई और सोशल मीडिया स्टोरी पर भी अपलोड की गई।

आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल फोन जब्त

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में चौकी चिखली और साइबर सेल की टीम ने आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। इस दौरान घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी पूनम चंद वर्मा (26), पिता रामसुख वर्मा, निवासी गोपालपुर, थाना घुमका, जिला राजनांदगांव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया। बोर्ड के आदेश पर उसे बाल सुधार गृह भेजा गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उपेंद्र शाह, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई, पीएसआई दुर्गेश धुरंधर, पीएसआई राजेंद्र कुमार, म.प्र.आर. वंदना पटले, साइबर सेल के सउनि द्वारिका लाउत्रे तथा आरक्षक अमर भारती और टीकाराम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।