बलौदाबाजार में 15.5 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

बलौदाबाजार पुलिस द्वारा जब्त 15 किलो 500 ग्राम गांजा, नकदी और स्विफ्ट कार
बलौदाबाजार सिटी कोतवाली पुलिस ने 15.5 किलो गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

बलौदाबाजार। 15.5 kg of ganja seized in Balodabazar; two smugglers arrested. बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम खोरसीनाला पनगांव में दबिश देकर 15 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से बिक्री की रकम 91,100 रुपए और गांजा तस्करी में इस्तेमाल स्विफ्ट कार भी जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

यह भी पढ़ेः गौरीनगर गौहत्या मामले में फरार मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार

घर और कार से मिला गांजा

पुलिस के अनुसार 17 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खोरसीनाला पनगांव निवासी आकाश कुरें अपने घर और स्विफ्ट कार क्रमांक CG 22 AC 0325 में गांजा रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर और वाहन की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान घर के किचन के छज्जे के ऊपर से गांजा मिला। इसके अलावा कार की डिग्गी से भी गांजा बरामद हुआ। दोनों स्थानों से कुल 15 किलो 500 ग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने गांजा बिक्री से प्राप्त 91,100 रुपए नकद और प्लास्टिक रैपर भी बरामद किए।

पूछताछ में सामने आया सप्लायर

कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी आकाश कुरें से पूछताछ की। पूछताछ में उसने गांजा भूषण कुमार यादव से लेना बताया। इसके बाद पुलिस टीम ने गिरौदपुरी क्षेत्र में दबिश दी। यहां से गनियारी/भानपुर निवासी भूषण कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने आकाश को गांजा सप्लाई करने की बात स्वीकार की है।

3.96 लाख का सामान जब्त

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 15 किलो 500 ग्राम गांजा, 91,100 रुपए नकद और गांजा परिवहन में इस्तेमाल स्विफ्ट कार जब्त की है। पुलिस के अनुसार जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3,96,100 रुपए है। इसमें गांजे की अनुमानित कीमत 1,55,100 रुपए और कार की कीमत भी शामिल है।

NDPS Act के तहत मामला दर्ज

सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 870/2026 दर्ज किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B), 29 NDPS Act के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की है।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान जारी है। पुलिस अब गांजा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*