दुर्ग: समोदा के गोदाम में चोरी करने वाले 6 आरोपी व कबाड़ी भी पकड़ाया

दुर्ग के ग्राम समोदा में गोदाम चोरी मामले में बरामद निर्माण सामग्री और पुलिस कार्रवाई
समोदा गोदाम चोरी मामले में पुलिस द्वारा बरामद निर्माण सामग्री और जब्त सामान।

दुर्ग। Durg: 6 accused arrested for theft at a warehouse in Samoda; scrap dealer also nabbed. जिले के ग्राम समोदा में निर्माण सामग्री चोरी के मामले में जेवरा सिरसा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी प्रकरण में आरोपी बनाया गया है। घटना में 3 विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस ने चोरी की सामग्री, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया है।

गोदाम में घुसकर चोरी, विरोध करने पर किया हमला

पुलिस के अनुसार, ग्राम समोदा नदी रोड स्थित एक खेत के गोदाम में सिविल ठेकेदारी से जुड़ी निर्माण सामग्री रखी थी। गोदाम मालिक विमल कुमार ताम्रकार (52), निवासी दुर्ग ने 29 सितंबर 2026 को चौकी जेवरा सिरसा में शिकायत दर्ज कराई। 28 सितंबर की रात करीब 11:38 बजे उन्हें मोबाइल पर गोदाम के पास संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। इसके बाद वे दुर्ग से अपने गोदाम पहुंचे। रात करीब 12:25 बजे वहां कुछ लोग सामान ले जाते मिले।

उन्होंने आरोपियों को रोकने और पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान एक आरोपी ने लोहे के पाइप से उनके बाएं पैर में घुटने के नीचे चोट पहुंचाई। इसके बाद आरोपी निर्माण सामग्री लेकर फरार हो गए।

पूछताछ में सामने आए अन्य आरोपियों के नाम

मामले में चौकी जेवरा सिरसा पुलिस ने अपराध क्रमांक 853/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 307, 331(4) और 3(5) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान लोकेश चन्द्राकर और भगवंत देशमुख को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद अन्य आरोपियों की पहचान हुई। जांच में चोरी की सामग्री कबाड़ी को बेचने की जानकारी भी मिली। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले अनुप मिश्रा उर्फ राजू को भी गिरफ्तार किया।

मोटर पम्प, जैक और केबल सहित सामग्री बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर 7.5 एचपी मोटर पम्प, कांक्रीट वाइब्रेटर, हाइड्रोलिक जैक, प्लेट वाइब्रेटर, पम्प का बेंड पाइप, करीब 40 किलो एल्युमिनियम केबल और 30 किलो लोहे का स्क्रैप बरामद किया है। इसके अलावा एमएस पाइप, नट-बोल्ट, घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप, मोटरसाइकिल और बिक्री की रकम में से 1,000 रुपये भी जब्त किए गए हैं। चोरी की सामग्री की कुल कीमत करीब 98 हजार रुपये बताई गई है।

6 आरोपी न्यायालय में पेश, 3 बालक किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष

पुलिस ने 30 सितंबर 2026 को गिरफ्तार 6 आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया। वहीं, 3 विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रकरण में वासु निषाद और गिरवर यादव फरार बताए गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

 

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*